जहरीली होती जा रही है मुंबई की हवा! कोख में पल रहे बच्चों पर भी पड़ सकता है असर

मुंबई, राजधानी दिल्ली के बाद अब महाराष्ट्र में भी हवा जहरीली होती जा रही है। रविवार को मुंबई की हवा खराब श्रेणी में मापी गई। ऐसे में वायु प्रदूषण का प्रकोप मुंबई में बढ़ने से शहर का स्वास्थ्य तो खराब हो ही रहा है। इसी के साथ ही इसका असर मां की कोख में पल रहे बच्चों पर भी पड़ सकता है।
शहर के डॉक्टरों का कहना है कि खराब हवा के कारण पेट में पल रहे बच्चों को काफी नुकसान हो सकता है, जिसे जन्म दोष कहा जा सकता है। इसके अलावा कैंसर , स्वास्थ्य का बिगड़ना, फेफड़े की बीमारी, दिल की बीमारी के साथ-साथ इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में ‘सफर’ की आई रिपोर्ट चिंताजनक है।
पिछले कई महीने से दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में है। यहां सांस लेना खतरे से कम नहीं है। अब यही हाल मुंबई में भी दिखने को मिल रहा है। सिस्टम ऑफ एयर क्वॉलिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर)-इंडिया के अनुसार महाराष्ट्र के मुंबई में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में है, वहीं राजधानी दिल्ली धुंध की परत के नीचे, शहर में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब बनी हुई है। दोनों महानगरों में बढ़ते प्रदूषण से यहां रहनेवाले लाखों-करोड़ों लोगों की जिंदगियां दांव पर लगी हैं। ‘सफर’ के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मुंबई में समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एयर क्वॉलिटी इंडेक्स) बहुत खराब श्रेणी में है। बता दें कि शून्य से ५० के बीच एयर क्वॉलिटी इंडेक्स को अच्छा माना जाता है। ५१ और १०० को संतोषजनक माना जाता है। १०१ और २०० को मध्यम कहा जाता है। २०१ और ३०० को खराब श्रेणी में आता है। ३०१ और ४०० के बीच बहुत खराब होता है और ४०१ और ५०० को गंभीर माना जाता है। इस समय दोनों शहरों की हवा खराब श्रेणी में है।