मुंबई में मादक पदार्थों की भारी मात्रा, मिर्च के पार्सल में गांजे की तस्करी
मुंबई, मुंबई नशीले जहर के सौदागरों के रडार पर है। आए दिन मुंबई में पकड़ी जा रही मादक पदार्थों की भारी मात्रा इसका प्रमाण है। भारत के भविष्य यानी युवा पीढ़ी की बर्बादी के इस खेल में राष्ट्र द्रोही हिंदुस्थानियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। कम समय में ज्यादा-से-ज्यादा माल कमाने के लालच में ड्रग्स तस्कर नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। हाल ही में तस्करों द्वारा मिर्च के पार्सल में `मारिजुआना’ यानी गांजे की तस्करी के तीखे रास्ते का खुलासा हुआ है। मुंबई कस्टम विभाग के अधिकारियों ने दो अलग-अलग मामलों में करीब १ किलो ४१ ग्राम गांजा जप्त करने के साथ-साथ एक तस्कर को गिरफ्तार करके तस्करों को तीखा डोज दिया है। बता दें कि मुंबई कस्टम के कुरियर सेल के अधिकारियों ने अमेरिका से आए मिर्च के एक संदिग्ध पार्सल की जांच की तो उसमें ४१ ग्राम `मारिजुआना’ मिला। कुरियर में आए उक्त पार्सल की जांच के दौरान टीम ने भिवंडी निवासी २८ वर्षीय युवक को मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद उसके घर पहुंची टीम ने तलाशी में और एक किलो गांजा बरामद किया। आरोपी को उक्त गांजा कनाडा में रहनेवाले उसके एक मित्र ने भेजा था।
