८ डॉलर की कमाई के चक्कर में एक कंपनी को १,२०,००० करोड़ रुपए का घाटा
मुंबई, जबसे दुनिया के सबसे बड़े अमीर शख्स एलन मस्क ने ट्विटर खरीदा है, तबसे विभिन्न कारणों से यह सुर्खियों में है। मस्क ८ डॉलर में ब्लू टिक वेरिफिकेशन बेचकर कमाई करने की सोच रहे थे। मगर इस ८ डॉलर की कमाई के चक्कर में एक कंपनी को १,२०,००० करोड़ रुपए का घाटा हो गया। इसे ट्विटर के ब्लू टिक का साइड इफेक्ट माना जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार ८ डॉलर देकर कई यूजर्स ने फर्जी अकाउंट्स बना लिए और उल्टे-सीधे ट्वीट करने शुरू कर दिए हैं। अमेरिका की दिग्गज फार्मा कंपनी ‘एली लीली’ को इसके चक्कर में १५ अरब डॉलर (करीब १,२०,००० करोड़ रुपए) का नुकसान हुआ है। किसी ने ८ डॉलर देकर इंसुलिन बनाने वाली इस कंपनी के नाम पर ब्लू टिक ले ली और फिर इस फर्जी अकाउंट से ट्वीट कर दिया कि अब इंसुलिन फ्री में मिलेगी। फिर क्या था, शुक्रवार को कंपनी के शेयर औंधे मुंह गिर गए और उसका मार्केट कैंप १५ अरब डॉलर गिर गया।
ट्विटर ने दो दिन पहले ही ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन शुरू किया था। इसमें कोई भी यूजर ८ डॉलर देकर ब्लू टिक ले सकता है। लेकिन कई यूजर्स ने इसका गलत फायदा उठाया। उन्होंने कई हस्तियों और जाने-माने ब्रांड्स के नाम पर ब्लू टिक ले ली। इसके बाद ट्विटर को मजबूरन यह सर्विस फिलहाल बंद करनी पड़ी। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कम-से-कम ‘एली लीली’ को तो इससे भारी नुकसान हुआ है। कंपनी के फेक ट्विटर अकाउंट से गुरुवार को ट्वीट किया गया था कि अब इंसुलिन फ्री मिलेगी। इससे कंपनी के निवेशकों में हड़कंप मच गया और शुक्रवार को बाजार खुलते ही कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट आई।
