शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए... हर 8 घंटे में एक किसान करता है सुसाइड- नाना पटोले
महाराष्ट्र : महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने सीएम एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राज्य की एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए. क्योंकि यह सरकार भारी बारिश से प्रभावित किसानों के दर्द के प्रति भावशून्य हो गई है. उन्होंने दावा किया कि इन संकटों के कारण राज्य में हर आठ घंटे में कम से कम एक किसान अपनी जान दे रहा है. राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि भारी बारिश के कारण कपास, सोयाबीन, अरहर, मक्का जैसी फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है, जिससे किसानों को गहरा नुकसान हुआ है.
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि (मुख्यमंत्री) एकनाथ शिंदे और (उपमुख्यमंत्री) देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए. क्योंकि यह किसानों के संकट के प्रति उदासीन है, जो गंभीर वित्तीय समस्याओं का सामना कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में औसतन हर आठ घंटे में एक किसान अपना जीवन समाप्त कर रहा है. राज्य सरकार ने अब भी अत्यधिक बारिश घोषित नहीं किया है. इसके अलावा, युवा इस बात से नाराज हैं कि बड़ी परियोजनाएं राज्य को छोड़कर जा रही हैं.
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने इससे पहले लंपी वायरस को लेकर एक अजीब बयान दिया था. उन्होंने लंपी वायरस को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था. कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा था कि लंपी वायरस नाइजीरिया में काफी समय से था और सरकार चीतों को भी वहीं से लेकर आई है. उन्होंने कहा था कि सरकार जानबूझकर किसानों के नुकसान के लिए इन चीतों के लेकर आई है.
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने मीडिया से बात करते हुए कहा था, "ये जो लंपी वायरस के जो रोग है नाइजीरिया करके एक देश हैं वहां पर कई सालों से था. ये जो चीतों का लाया गया है वहीं से लाया गया है. चीतों के धब्बे और गायों पर इस वायरस से धब्बे समान हैं. केंद्र सरकार ने किसानों को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझकर यह व्यवस्था बनाई है."
