लूट का आभूषण खरीदनेवाले कारोबारी को मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश से किया गिरफ्तार
मुंबई, लूट का आभूषण खरीदनेवाले कारोबारी को मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। दरअसल, मुंबई के माटुंगा क्षेत्र में एक कारोबारी के घर लूट की आपराधिक वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में आभूषण कारोबारी का भाई फरार है, जो अपराधियों से संपर्क कर डील करता था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जून महीने में माटुंगा में रहनेवाले एक कारोबारी के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस घटना को कारोबारी के घर ६ साल पहले काम करनेवाले नौकर ने अंजाम दिया था। घर में बिना कोई तोड़फोड़ किए आरोपी नकदी सहित सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया था। इस मामले में माटुंगा पुलिस ने उत्तर प्रदेश से आरोपी नौकर को गिरफ्तार किया था। हालांकि इस दौरान आरोपी ने सोना और नगदी के बारे में कुछ नहीं बताया। आखिरकार, पुलिस ने आरोपी से हमदर्दी जताते हुए उसका भरोसा जीत लिया और आरोपी ने बस्ती जिले में रहनेवाले एक आभूषण कारोबारी का पता बताया। इसके बाद पुलिस उपनिरीक्षक विनोद पाटील की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बस्ती में चोरी का सोना खरीदनेवाले आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि इस घटना का एक आरोपी फरार है।
