शरद पवार को झटका, नवी मुंबई के अशोक गावड़े ने छोड़ी NCP
मुंबई: महाराष्ट्र की सियासत में अब तक एकनाथ शिंदे का बनाम उद्धव ठाकरे की लड़ाई चल रही थी लेकिन अब सीएम ने महाविकास अघाड़ी के संयोजक और एनसीपी के सर्वेसर्वा शरद पवार को भी झटका देना शुरू किया है। शिंदे ने अब पवार के करीबी माने जाने वाले अशोक गावडे को अपनी तरफ मिला लिया है। बता दें कि अशोक गावडे ने कुछ दिन पहले ही एनसीपी से इस्तीफा दिया है। माना जा रहा है कि वह जल्द ही शिंदे गुट में शामिल होंगे। गावडे ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ एक बैठक की थी और उसके बाद एकनाथ शिंदे के साथ जाने का फैसला लिया था। हालांकि गावडे के इस फैसले के बाद एनसीपी के कई नेताओं ने उन पर निशाना साधा था। जिसमें पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड विधायक शशीकांत शिंदे समेत अन्य नेता शामिल हैं।
पार्टी छोड़ने के समय अशोक गावडे ने एनसीपी पर यह आरोप लगाया कि वहां गुटबाजी शुरू हो चुकी थी। यह सब मैं काफी दिनों से देख रहा था। उन्होंने इस बात की शिकायत कई बार वरिष्ठ नेताओं से भी की लेकिन किसी ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। गावडे ने कहा कि मैंने सार्वजनिक रूप से एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले के समक्ष टिप्पणी की थी। इसलिए मुझे साइडलाइन कर दिया गया। मैंने यह बात कई बार अपने वरिष्ठों से भी बताई लेकिन मामले का कोई हल नहीं हो रहा था। इसलिए परेशान होकर मैंने इस्तीफा दिया है।
