विदर्भ में आठ दिनों में १६ किसानों ने आत्महत्याएं की!
मुंबई, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जिस विदर्भ क्षेत्र से आते हैं, उस विदर्भ में पिछले आठ दिनों में १६ किसानों ने आत्महत्याएं की हैं। छह आत्महत्याएं तो किसानों ने दो दिनों में की हैं। यवतमाल जिले के मारेगांव तालुका में हुई इस घटना का दावा ‘वसंतराव नाईक शेतकरी स्वावलंबन मिशन’ के अध्यक्ष किशोर तिवारी ने किया है। तिवारी ने मारेगांव तालुका के आत्महत्याग्रस्त किसानों के घर जाकर उनके परिवारवालों से मुलाकात करके सांत्वना दी। किसानों की आत्महत्या रोकने के लिए ‘किसान स्वावलंबन मिशन’ का पंचसूत्री कार्यक्रम तैयार किया गया है। यह कार्यक्रम तत्काल शुरू करने की मांग मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से की है, ऐसा उन्होंने बताया। आज तक सबसे अधिक आत्महत्याएं २०१६ में १ हजार २३१ किसानों ने की थी। तिवारी ने बताया कि २ सितंबर को यवतमाल जिले के मारेगांव तालुका के म्हैसदोडका, नरसाला, रामेश्वर, गदाजी बोरी में आत्महत्याग्रस्त किसानों के परिवारवालों से मुलाकात की थी। आत्महत्याग्रस्त किसानों के घर तक पुलिस, कृषि, ग्राम विकास, स्वास्थ्य आदि एक भी विभाग के अधिकारी नहीं पहुंचे थे। इससे स्पष्ट होता है कि किसानों की आत्महत्या को लेकर सरकार बहुत उदासीन है, ऐसा दुख तिवारी ने व्यक्त किया।
