पोस्टर नहीं लगाऊंगा, वोट देना है दो: गडकरी, केंद्रीय मंत्री ने दिए अगला चुनाव लड़ने के संकेत

मुंबई। राजनीति से संन्यास लेने की अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अगला चुनाव लड़ने के संकेत दे दिए। अंधेरी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वे ना कट आउट्स लगाएंगे और ना ही पोस्टर और बैनर लगाएंगे, ना ही कार्यकर्ताओं को चाय-नाश्ता करवाएंगे, फिर भी वोट देना है तो दो, वरना रहने दो। इसके बाद गडकरी ने यह विश्वास जताया कि फिर भी लोग वोट देंगे, लोगों को काम करने वाला आदमी चाहिए। अगर उन्हें काम करने वाला बंदा मिलता है तो वे जेब से पैसे भी निकालते हैं और वोट भी।
गडकरी को हाल में भाजपा की सबसे अहम बॉडी संसदीय बोर्ड से हटा दिया गया था।  इसी दौरान उन्होंने एक सभा में राजनीति छोड़ने की इच्छा जताई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि आज राजनीति सेवा करने का माध्यम नहीं बल्कि सिर्फ और सिर्फ सत्ता पाने का मकसद बन कर रह गई है। उन्होंने कहा था कि उन्हें कई बार ऐसा खयाल आता है कि वे राजनीति छोड़ दें,  लेकिन अब उन्‍होंने अगला चुनाव लड़ने की तैयारी दिखाई है।
अंधेरी में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के दीक्षांत कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि वे कट आउट्स, बैनर्स, पोस्टर नहीं लगाएंगे और ना ही कार्यकर्ताओं को चाय-नाश्ता कराएंगे। फिर भी वोट देना है तो दो, वरना रहने दो। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि लोग उन्हें ही वोट देंगे, क्योंकि लोगों को काम करने वाला आदमी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे और मुंबई के वर्ली सी लिंक का खर्च टोल के कलेक्शन से आराम से निकल गया है। अब वे मुंबई के नरीमन प्वाइंट से वसई तक 15 मिनट में पहुंचने के लिए इंतजाम कर रहे हैं। लोगों को सुविधाएं मिलनी चाहिए, लोग ऐसे ही लोगों को पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि जब सड़कें बनती हैं, पुल बनते हैं तो लोगों का आने-जाने का पेट्रोल-डीजल का खर्चा भी बचता है और समय भी बचता है।  ऐसे में वे खुशी-खुशी टोल टैक्स देते हैं।