गणपति आगमन से पहले मुंबई की सड़कों के गड्ढे भरेगी मनपा ...
मुंबई: दो साल कोरोना के बाद इस साल पूरे हर्षोल्लास और बिना किसी प्रतिबंध के गणेशोत्सव मनाने की तैयारी हो रही है। गणेशोत्सव शुरू होने में सिर्फ 24 दिन बचे हैं। लेकिन गड्ढों के कारण सड़कों की हालत खराब है। बीएमसी (BMC) ने सड़कों के गड्ढे भरने के लिए 15 अगस्त की डेडलाइन दी थी। जो अब बढ़कर 22-23 अगस्त हो गई है। सार्वजनिक गणेशोत्सव समन्वय समिति और बीएमसी कमिश्नर आईएस चहल की गणेशोत्सव तैयारियों को लेकर पिछले दिनों बैठक हुई थी। जिसमें चहल ने 15 अगस्त तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा किया था। लेकिन अब यह डेडलाइन बढ़ गई है। बीएमसी के उपायुक्त हर्षद काले ने दावा है कि 22 से 23 अगस्त तक मुंबई की सड़कों के गड्ढे भर दिए जाएंगे। जिससे विघ्नहर्ता का निर्विघ्न आगमन हो सकेगा।
बीएमसी में पूर्व नेता विपक्ष रवि राजा ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि भरा गया गड्ढा हफ्ते भर में उखड़ जा रहा है। कोल्ड मिक्स उपयोग यह कह कर शुरू किया गया था कि इससे सड़कें जल्दी खराब नहीं होंगी। इसके बावजूद महानगर की सड़कों की हालत खस्ता बनी हुई है। अब बीएमसी दो नई तकनीक से गड्ढे भरेगी। कोल्ड मिक्स का इस्तेमाल करने का समर्थन करनेवाले अधिकारी के खिलाफ बीएमसी क्या कार्रवाई करेगी। सपा विधायक रईस शेख ने कहा कि वादे के बावजूद सड़कें दुरुस्त नहीं की गई हैं। बड़ा सवाल यह कि गड्ढे भरी सड़कों पर गणपति का आगमन कैसे होगा ?
काले ने कहा कि बीएमसी कमिश्नर आईएस चहल और अतिरिक्त आयुक्त पी वेलरासू ने सड़क विभाग के अधिकरियों को निर्देश दिया कि जहां भी सड़कों पर गड्ढे हैं, उन्हें तत्काल भरा जाए। बीएमसी उस रोड पर विशेष ध्यान दे रही है जहां से बड़ी संख्या में गणपति मूर्तियां दूसरे स्थानों पर जाती हैं। बीएमसी रोड डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने बताया कि जिन इलाकों में ज्यादा गणपति मूर्तियों का निर्माण हो रहा है वहां हम ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। जिसमें लालबाग, दादर, परेल, चिंचपोकली, माटुंगा, गिरगांव, वर्ली, अंधेरी पूर्व, बांद्रा, चेंबूर, बोरीवली व अन्य एरिया शामिल है। यहां के रोड पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुंबई में 2000 किमी से लंबा सड़कों का जाल है। जिससें से करीब एक हजार किमी लंबी सड़कें सीसी की बन चुकी हैं। इसके बावजूद मुंबई की सड़कों पर प्रतिदिन 500 से अधिक गड्ढों की शिकायत बीएमसी को मिल रही है। बीएमसी रोड डिपार्टमेंट के चीफ इंजीनियर उल्हास महाले ने कहा कि मुंबई में अब तक 21329 सड़कों के गड्ढे भरे गए हैं। सबसे ज्यादा गड्ढे 1585 अंधेरी पश्चिम में भरे गए हैं। इसके बाद मालाड में 1474 गड्ढे, अंधेरी पूर्व आए जोगेश्वरी इलाके में 1399 और गोरेगांव एरिया में 1141 गड्ढे भरे गए। हर्षद काले ने बताया मुंबई के सभी 24 वार्डों के असिस्टेंट कमिश्नर गणेश मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सड़कों के गड्ढे जल्द से जल्द भरने की योजना पर काम कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि गणपति आगमन से पहले सड़कों कर सभी गड्ढे भर दिए जाएंगे।
