सलमान खान को एयरपोर्ट पर रोकने के मामले में देश के दो प्रमुख अखबार कटघरे में ? सी आई एस एफ ने खुद बताया सच

मुंबई : कुछ दिन पहले एक खबर सामने आई थी कि बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान अपनी फिल्म टाइगर ३ की शूटिंग के लिए जब रूस के लिए रवाना हो रहे थे तब उन्हें एयरपोर्ट पर एक सी आई एस एफ जवान ने चेकिंग के लिए रुका ।

इस खबर को लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें सलमान खान अपनी गाड़ी से उतरते हैं और एयरपोर्ट के अंदर जाने की कोशिश करते हैं कि तभी जवान ने उनके सामने आकर बड़ी विनम्रता के साथ उन्हें रुकने के लिए कहा। इस वीडियो को लेकर आगे जानकारी आई कि, ऐसा करने के लिए उस जवान को दंडित किया गया है। इसको लेकर देश के दो प्रमुख अखबारों ने भी खबर दी कि, एयरपोर्ट पर सलमान खान को रोकने वाले जवान पर कार्रवाई हुई है। ऐसे में अब सी आई एस एफ के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से इस मामले में सच बताया गया है। सी आई एस एफ ने इस खबर को लेकर अपने ट्वीट में लिखा है कि, "इस ट्वीट में लिखी गई बातें गलत और बिना तथ्यात्मक आधार पर हैं। सच यह है कि संबंधित अधिकारी को अपने कर्तव्य को पूरी निष्ठा के साथ निभाने के लिए उचित तरीके से पुरस्कृत किया गया है।"

 इससे पहले खबरों में आरोप लग रहे थे कि जिस जवान ने सलमान खान को एयरपोर्ट में जरुरी प्रक्रिया के लिए रोका, उसको ही दंडित किया गया है। ऐसे में लोगों के बीच गलत सन्देश जा रहा था कि, अपना कर्तव्य अच्छे से निभाने वाले जवान पर कार्रवाई हुई है। फिलहाल अब सी आई एस एफ की तरफ से साफ कर दिया गया है कि, उस अधिकारी पर कार्रवाई नहीं बल्कि सम्मानित किया गया है।