मुंबई : रेल मंडल पर जारी मानसून पूर्व तैयारी

मुंबई : लॉकडाउन के चलते नियमित यात्री ट्रेनों और लोकल का संचालन बंद है, परंतु मध्य रेलवे ने मानसून पूर्व की सभी तैयारियां जारी रखी है. मानसून के दौरान मुंबई में रेल सेवाएं सुचारू रूप से चलाने के उद्देश्य से ट्रैक के किनारे 90 किलोमीटर की नाली की सफाई और पुलिया की सफाई का पहला दौर पूरा हो चुका है. लॉकडाउन का उपयोग करते हुए जमा मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है.

मध्य रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी सुतार के अनुसार मानसून के दौरान विभिन्न स्थानों पर अधिक जल जमाव से ट्रेन सेवा प्रभावित होती है.इसके लिए कलवर्टस का चौड़ीकरण-विस्तार का काम  कुर्ला कार-शेड,वडाला, तिलक नगर में किया गया है,ताकि पानी आसानी से निकल सके.कई जगहों पर पानी खींचने के लिए उच्च क्षमता वाले डीजल और इलेक्ट्रिक पंप बिठाने की योजना बनाई गई है.ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन विंग के माध्यम से मुम्बई मंडल में क्रॉसओवर, टर्नआउट्स,मास्ट्स,कैंटीलेवर्स आदि के रखरखाव को और टॉवर वैगन- फुट पैट्रोलिंग से ओएचई गियर आदि की जांच की जा रही है. जंग खाए नग पोर्टल को हटाने, घाट सेक्शन में सुरंग ओएचई ओवरहालिंग, पूरे मुंबई मंडल में आरओबी-एफओबी की दुरुस्ती,उच्च दबाव जेट की इन-हाउस तकनीक से इंसुलेटर की सफाई आदि कार्य हो रहे हैं. आसनगांव-कसारा सेक्शन में तेजी से दुरुस्ती का काम हो रहा है. सीएसएमटी सहित अन्य बड़े स्टेशनों पर भी मानसून पूर्व मरम्मत आदि काम हो रहा है.

मानसून के दौरान घाट सेक्शन में ज्यादा समस्या देखते हुए बोल्डर को स्कैन-ड्रॉप करने के लिए बोल्डर मटेरियल ट्रेन को चलाने, ढीले बोल्डर की पहचान कर हिल गैंग उन्हें गिरा रहे हैं.सुरंगों की स्कैनिंग-साउंडिंग कर पटरियों आदि पर गिरे बोल्डर को बचाने के लिए उपाय किए गए हैं. सिग्नल और दूरसंचार केबलों की मैगरिंग का काम पूरा हो गया है. मानसून में सावधानियां बरतने रेलवे कर्मचारियों के लिए मानसून पुस्तिका भी तैयार की जा रही है. बुकलेट में मानसून से संबंधित विवरण (मानसून के दौरान उच्च ज्वार की तिथियां-कर्मचारी- अधिकारी ड्यूटी आदि) शामिल होंगे.सीपीआरओ शिवाजी सुतार के अनुसार मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर बीएमसी और अन्य मनपा-नपा अधिकारियों के साथ समन्वय साध कर बैठक की गई है.