नागपुर : लाकडाउन में इवनिंग वॉक पड़ी भारी; चेन लूटकर भागे दुपहिया सवार
नागपुर : लाकडाउन होने के बावजूद एक महिला अपने घर से इवनिंग वॉक करने निकली. रास्ता सुनसान था और असामाजिक तत्व इसी मौके की तलाश में रहते हैं. दुपहिया वाहन पर सवार चेन स्नैचरों ने महिला के गले से सोने की चेन लूट ली. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सवाल ये भी है कि लाकडाउन में असामाजिक तत्व कैसे बा हर घूम रहे थे.
कपिलनगर पुलिस ने आवलेनगर निवासी इकबाल कौर समशेरसिंह भुरजी (31) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. शनिवार की रात 11 बजे के दौरान इकबाल कौर अपने घर से टहलने के लिए निकलीं. गली में और कोई नहीं था. लाकडाउन के चलते रास्ता भी सुनसान था. इसी दौरान मोपेड पर सवार 2 युवकों ने उन्हें देखा. गाड़ी पलटाकर वापस आए और गले से 40,000 रुपये की सोने की चेन झपट कर फरार हो गए. इससे पहले कि वो शोर मचाकर किसी को मदद के लिए बुलातीं आरोपी भाग चुके थे. घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई राजेश डोंगरे अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.
