नागपुर : कोरोना को हराने का संकल्प
नागपुर : कोरोना जैसी जानलेवा महामारी को हराने के लिए पूरे देशवासियों के साथ ही आरेंज सिटी ने भी एकजुटता दिखाई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर पूरी सिटी में नागरिकों ने अपने घरों की लाइटें बंद कर द्वार व गैलरी पर दीप जलाए. कई लोगों ने मोमबत्ती तो अनेकों ने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर कोरोना के साथ संघर्ष में अपने साथ व सहयोग का संकल्प जताया. केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने परिवार के साथ गैलरी में दीप जलाया. उन्होंने नागरिकों से अपने घरों में ही रहने की अपील भी की और लोगों की एकजुटता के लिए आभार भी माना.
पूर्व नागपुर के सेंट्रल एवेन्यू स्थित सोसायटी में जोश का वातावरण था. छापरु चौक के सभी अपार्टमेंट, सोसायटी बृजधाम काम्प्लेक्स, रामकृष्ण अपार्टमेंट, जय अपार्टमेंट, द्वारका दर्पण अपार्टमेंट, भक्ति विहार, छापरु लोक नम्बर 1 बिल्डिंग के करीब 240 परिवारों ने एक साथ घर की लाइट बन्द कर मोबाइल फ्लैश लाइट, दीप, मोमबत्ती जलाकर आशा का संचार किया. चंदन गोस्वामी,नरेश खण्डवानी, गिरीश मेहता, मधुसूदन काबरा, किशोर बम्बलानी, दया धनजानी, विजय कमानी, गोविंद पटेल, संजय लोया, कुमार कुकरेजा, अनिल मोदी, अशोक विजयवर्गीय सहित अनेक परिवारों के सदस्यों ने कोरोना के खिलाफ जंग में हिस्सा लिया.
