भिवंडी : 16 मुख्य मार्गों पर पुलिस की नाकाबंदी

भिवंडी : ठाणे पुलिस आयुक्त  विवेक फणसालकर के आदेश पर  भिवंडी परिमंडल-२ पुलिस उपायुक्त राजकुमार शिंदे ने कोरोना वायरस से शहरवासियों को बचाने तथा इसका दुष्प्रभाव रोकने के लिए शहर के सभी पुलिस स्टेशनों को सर्तक रहने के लिए निर्देश जारी किया है व बाहरी व्यक्ति को शहर में प्रवेश नहीं करने देने के लिए 16 जगहों पर नाकाबंदी कर रखी हुई है. भिवंडी शहर के सभी मुख्य रास्तों पर नाकाबंदी कर सील कर दिया गया है व भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है. भोईवाड़ा पुलिस ने धामणकर नाका व रतन टाकीज का मुख्य रास्ता सील किया है. भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन ने कल्याण नाका, आसबीबी मस्जिद के पास सील कर रखा है. निजामपुरा पुलिस स्टेशन की हद में स्थित नदी नाका, वंजारपट्टी नाका, शिवाजी चौक, एसटी स्टैंड पर नाकाबंदी की गई है.

शांतिनगर पुलिस ने साईबाबा, गायत्री नगर भी सील किया हुआ है. नारपोली पुलिस स्टेशन हद में स्थित अंजूर फाटा, कशेली, माणकोणी नाका पर पुलिसकर्मियों द्वारा सख्ती से मोर्चा संभालते हुए सील कर रखा गया है. कोन गांव पुलिस ने बांसुरी होटल, कोन गांव तथा राजनोली नाका पर नाकाबंदी की है. नाकाबंदी कार्यों में 16 पुलिस अधिकारियों सहित 73 पुलिस कर्मचारियों को विभिन्न नाकाबंदी की जगहों पर तैनात किया गया है. उक्त जानकारी भिवंडी पुलिस उपायुक्त राजकुमार शिंदे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है. भिवंडी पुलिस उपायुक्त राज कुमार शिंदे ने शहरवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि बेहद जरूरी होने पर ही घर के बाहर निकलें. शहरवासी लॉक डाउन दिशा-निर्देशों का पालन करें. कोरोना वायरस का खतरा मंडरा रहा है. खुद सुरक्षित रहें और अपने परिवार सहित देश को सुरक्षित रखें.