नागपुर : जनता कर्फ्यू के लिए सिटी तैयार

नागपुर : कोरोना की बढ़ती चेन को तोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 22 मार्च सण्डे को पूरे देश में जनता कर्फ्यू की अपील को 100 फीसदी अमल में लाने के लिए आरेंज सिटी के नागरिकों ने पूरी तैयारी दिखाई है. अभी से सभी परिवार सण्डे को सुबह 7 से रात 9 बजे तक घर के भीतर ही रहने के दौरान क्या-क्या करना है, इसकी प्लानिंग में लग गए हैं. चूंकि सटरडे व सण्डे दो दिनों का वीकेंड हो गया है इसलिए 2 दिनों की तैयारी ही चल रही है. अमूमन वीकेंड में नौकरीपेशा के साथ ही व्यापारी वर्ग के लोग भी परिवार के साथ कहीं बाहर घूमने निकल जाते हैं. लेकिन कोरोना के चलते अब जब पूरे देश में नागरिकों को घर से बाहर नहीं निकलने की अपील खुद पीएम ने की है तो सण्डे को लोग घर पर रहने की तैयारी में जुटे हैं.

गोकुलपेठ में रहने वाले अग्रवाल परिवार के सदस्य आसपास ही अलग-अलग फ्लैट्स व घर में रहते हैं. सण्डे को सभी एक ही घर पर एकत्र होकर दिन बिताने की प्लानिंग कर रहे हैं. उस दिन घर में क्या-क्या नाश्ता बनेगा, लंच में क्या होगा और डिनर कितने बजे किया जाएगा, इसका मेनू तैयार किया जा रहा है. बच्चों के लिए स्पेशल डिश तैयार की जाएगी. साथ ही समय काटने के लिए पूरा परिवार कुछ मनोरंजक गेम्स भी खेलने की प्लानिंग कर रहा है. सभी परिवार शनिवार की रात ही एक मकान में एकत्र होने वाले हैं. उनका कहना है कि जनता कर्फ्यू ने हम सभी को एक साथ क्वालिटी टाइम बिताने का भी अवसर दे दिया है. सण्डे का पूरा दिन बच्चों सहित बड़ों को भी सुबह से रात तक घर के भीतर ही बिताना है. कुछ परिवारों में आलमारी में बंद रखे लूडो और कैरम को निकाला गया है ताकि सण्डे को टाइम काटा जा सके. हालांकि सभी अपने प्रधानमंत्री की अपील को दिल से मानने वाले हैं. गांधीबाग में रहने वाले जैन परिवार ने भी सण्डे को घर के भीतर रहकर जनता कर्फ्यू को सफल बनाने की तैयारी कर ली है. इस दिन घर में सभी की पसंद का भोजन बनेगा. साथ ही कुछ इंग्लिश मूवी को डाउनलोड कर रखा गया है जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देखने वाला है.

मानेवाड़ा के महालक्ष्मीनगर में एक फ्लैट स्कीम में रहने वाले सभी परिवार जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए सरकार का सहकार्य करने वाले हैं. स्कीम में रहने वाले परिवार शाम 5 बजे अपनी-अपनी गैलरी से थाली बजाकर उन लोगों के प्रति आभार भी प्रदर्शित करने वाले हैं जो कोरोना जैसे संकट से निपटने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं करते हुए 24 घंटे अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अनेक परिवार जिनके फार्म हाउस सिटी के आसपास हैं, उन लोगों ने शनिवार की सुबह से ही वहां जाकर समय बिताने की तैयारी की है. कुछ कारोबारियों ने बताया कि चूंकि अब तो पूरा बाजार ही बंद हो गया है तो वे अपने परिवार के साथ फार्म हाउस में 2 दिन बिताने की तैयारी में हैं. रविवार को जनता कर्फ्यू को उनका पूरा समर्थन है. सभी अपने फार्म हाउस में ही रहेंगे. सिटी के सभी वर्ग की जनता कर्फ्यू को सफल बनाने की अपनी-अपनी तैयारी है. स्थानीय प्रशासन को सिटी के नागरिकों का पूरा-पूरा सहयोग मिलने की आशा है.