नागपुर : 21 कोरोना संदिग्ध भर्ती
नागपुर : सिटी में कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद से प्रशासन ने उपाय योजना सहित नियंत्रण के लिए कमर कस ली है. इस बीच पाजिटिव मरीज के 13 निकटवर्तियों सहित 15 लोगों को शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय व अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि 45 वर्षीय एक व्यक्ति सहित 6 संदिग्ध को इंदिरा गांधी शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय व अस्पताल के विशेष कक्ष में भर्ती किया गया है. इस तरह गुरुवार को कुल 20 संदिग्ध लोगों को भर्ती कर उन पर उपचार शुरू कर दिया गया है. रिपोर्ट आने तक सभी को संदिग्ध मानकर इलाज किया जा रहा है.
संबंधित मरीज की रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद बुधवार की रात को स्वास्थ्य विभाग व मनपा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बजाजनगर स्थित उनके निवास पर जाकर करीबी परिजनों सहित संपर्क में आने वालों की जानकारी हासिल की. उसी समय परिजनों के साथ ही उनके घर काम करने वाले माली, वाहन चालक व 2 मित्रों को मेडिकल में भर्ती किया गया. जबकि बाधित व्यक्ति के ससुर को मेयो में डाक्टरों के निरीक्षण में रखा गया है. बुधवार को भर्ती किए गए तीन संदिग्ध के नमूने की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है. इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे गई, जबकि बाधित के परिजनों सहित संपर्क में आने वाले लोगों के नमूनों की जांच की जा रही है. मेयो की प्रयोगशाला में शाम 6 बजे के बाद से जांच का काम शुरू किया गया. गुरुवार की मध्यरात्रि के बाद जांच रिपोर्ट आने की संभावना है.
पाजिटिव मरीज पाए जाने के बाद मास्क खरीदने वालों की संख्या बढ़ गई है. हालांकि मास्क सभी के लिए आवश्यक नहीं है. इसके बाद भी लोग खरीद रहे हैं. इस बीच गुरुवार को मेडिकल और मेयो में अनेक मरीज सहित परिजन मास्क लगाकर दिखाई दिए. इतना ही नहीं सिटी के अन्य हिस्सों में भी कई लोग मास्क पहनकर घूमते नजर आए. स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि लोग बचाव के तौर पर अन्य उपायों पर भी ध्यान दें. केवल मास्क पहनने से ही बचाव नहीं होगा. कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय व अस्पताल में कर्मचारियों, नर्सों सहित डाक्टरों की बायोमीट्रिक हाजिरी को बंद कर दिया गया है. अगले आदेश तक हाथ से रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए गए हैं.
