मुंबई में कोरोना की दस्तक

मुंबई : पुणे के बाद मुंबई में भी कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है. बीएमसी के कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती 6 में से 2 मरीजों में कोरोना वायरस से ग्रसित होने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है. कोरोना से ग्रसित यह वो मरीज हैं जो कुछ दिन पहले ही दुबई की ट्रिप से लौटे थे. पुणे में कोरोना के 8 पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद उनके साथ ट्रिप पर गए मुंबई के 3 परिवार के कुल 6 लोगों को मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती किया गया है. इनमें से 2 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं. ऐसे में बीएमसी ने किसी भी प्रकार का जोखिम न लेते हुए 100 लोगों की टीम बनाई है, इनमें से कुछ लोग एअरपोर्ट पर यात्रियों की जांच कर रहे हैं तो बाकी लोग विदेशों से आए उन लोगों की तलाश कर रहे हैं, जिनकी एअरपोर्ट पर स्क्रीनिंग नहीं हुई थी. इसके अलावा संदिग्धों और  मुंबई में पॉजिटिव आए 2 मरीजों के संपर्क में आने वालों घर के सदस्यों और परिचितों को खोजने और उन पर नजर रखने का काम टीम करेगी.

कोरोना वायरस से लड़ने के लिए बीएमसी ने अपनी कमर कस ली है. आइसोलेशन बेड्स हो या दवाइयां सभी का इंतजाम किया गया है. बीएमसी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब यह है कि कुछ प्रभावित देशों से मुंबई आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग एअरपोर्ट पर की जा रही थी, लेकिन कुछ की पहले नहीं हुई थी क्योंकि वे प्रभावित देशों के सूची में पहले नहीं थे. जैसे दुबई पहले प्रभावित देशों की सूची में नहीं था, लेकिन हाल ही में सभी यात्रियों की जांच के आदेश सरकार ने दिया है. अब मनपा स्वास्थ्य विभाग ने जोखिम न लेते हुए 21 फरवरी के बाद मुंबई में आए उन लोगों की जानकारी भारत सरकार से मांगी है जिनकी पहले जांच नहीं हुई है. बीएमसी स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने कहा कि मुंबई में आने वाले 600 से अधिक यात्रियों की जानकारी सरकार से मांगी गई है. हमने सभी वार्ड के स्वास्थ्य अधिकारी को सूचित किया है कि इन सभी को ढूंढ कर संपर्क कर इन पर नजर बनाए रखें.

दुबई से लौटने वाले पुणे के एक दंपति में सोमवार को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी. उसके बाद इनके साथ ट्रिप पर से आनेवाले 40 लोगों की खोज राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने शुरु कर दी थी. इनमें से 6 लोग मुंबई के हैं. इन सभी को मंगलवार को बीएमसी के कस्तूरबा में भर्ती किया गया. जांच में मुंबई के बुजुर्ग दंपति वायरस से ग्रसित पाए गए हैं. इन दोनों की तबियत स्थिर बताई जा रही है. इसी के साथ महाराष्ट्र में कोरोना के कुल 10 पॉजिटिव मामले हो गए हैं. बीएमसी स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश ककानी ने बताया कि जांच में 2 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं. इन दोनों मरीजों के संपर्क में आने वाले घर के 3 सदस्यों पर नजर बनाए हुए हैं. इसके अलावा इनके संपर्क में आए सभी लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जाएगी.  

मुंबई में कोरोना से निपटने के लिए बीएमसी के कस्तूरबा अस्पताल में 60 बेड्स, जोगेश्वरी ट्रामा 20, कुर्ला भाभा में 10, बांद्रा भाभा में 10, राजावाड़ी में 10, जेजे में 10, सेंट जॉर्ज में 10, जीटी में 10, रेलवे अस्पताल में 30 और निजी अस्पतालों में भी प्रबंध किया गया है. डॉक्टरों की माने तो मुंबईकरों को घबराने की जरूरत नहीं है. बस भीड़-भाड़ वाले जगहों में जाने से परहेज करें. साफ़ सफाई का खासा ध्यान रखें. हाथों को समय- समय पर हैंड सैनिटाइजर से धोएं. बीमार व्यक्ति से दूर रहे. सर्दी-जुखाम, सांस लेने में दिक्कत है तो डॉक्टर से संपर्क करे. मुंबई के कुछ दुकानों में लोकल मैन्युफैक्चरर द्वारा बनाए गए घटिया क्वालिटी के हैंड सैनिटाइजर बिकने की बात सामने आई है. सुरेश काकानी ने बताया कि कस्तूरबा अस्पताल में बुधवार को 10 संदिग्धों को भर्ती किया गया है. सभी के सैंपल जांच के लिए ले लिए गए हैं. गुरुवार को इनकी रिपोर्ट आएगी.