राजस्थान: सैनिकों के नाम से OLX पर ठगी करने वाले गिरोह के 4 गिरफ्तार
राजस्थान: राजस्थान में अलवर के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने ओएलएक्स (OLX) पर ठगी करने वाले गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि 21 फरवरी को भरतपुर जिले के भूपेंद्र जोशी ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि उसके नाम से फर्जी सिम लेकर कुछ ओलएलएक्स पर ठगी कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने गहन जांच पड़ताल के बाद रिजवान मेव, अब्बास मेव, अल्ताफ खान और आदिल खान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इन्होंने जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, मध्यप्रदेश में सैंकडों लोगों से ठगी की वारदातें कबूली हैं। आरोपी ओएलएक्स पर दर्जनों फर्जी मेल आईडी बनाकर लोगों से ठगी करते थे और निर्दोष लोगों के नाम से फर्जी सिम, फर्जी पेटीएम अकाउन्ट्स एवं बैंक अकाउन्ट बनाकर ठगी को अंजाम देते हैं। वे खुद को सैनिक बताते हैं जिससे उन पर पीड़तिों को भरोसा हो जाता है। उनसे आगे पूछताछ की जा रही है।
