Coronavirus in Kerala: केरल में कोरोना वायरस के दूसरे मामले की पुष्टि, चीन से लौटा था मरीज

Coronavirus in Kerala: कोरोना वायरस को लेकर भारत पूरी तरह से अलर्ट है. चीन से भारत आने वाले लोगों की लगातार थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया कि शनिवार शाम तक देशभर के विभिन्न हवाई अड्डों पर 326 अलग-अलग विमानों से भारत पहुंचे 52 हजार 332 यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा चुकी है.
तिरुवनन्तपुरम, 02 फरवरी 2020, अपडेटेड 11:13 IST
कोरोना वायरस से अब तक 300 से ज्यादा लोगों की हो चुकी है मौतचीन से भारत आने वाले सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है
केरल में कोरोना वायरस के दूसरे मामले की पुष्टि हुई है. रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक रोगी को आइसोलेशन में रखा गया है. वर्तमान में उसकी हालत स्थिर है और उसकी निगरानी की जा रही है. इससे पहले केरल के एक छात्र के कोरोना वायरस की चपेट में आने की पुष्टि हुई थी.
वहीं, कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए चीन से भारतीय छात्रों और प्रोफेशनल्स को वापस लाने का सिलसिला जारी है. रविवार को एयर इंडिया का दूसरा विमान 323 भारतीयों को लेकर भारत लौटा. इससे पहले शनिवार सुबह चीन के वुहान प्रांत से 324 भारतीयों को नागरिकों को दिल्ली लाया गया.
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने शनिवार शाम कोरोना वायरस को लेकर एक समीक्षा बैठक की. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन चीन से भारत पहुंच रहे सभी लोगों की लगातार जानकारी हासिल कर रहे हैं और उनको ठहराने जाने की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं.