रसोई गैस रु. १९ महंगा
मुंबई : नए साल के पहले दिन ही लोगों की रसोई को महंगाई का जोरदार झटका लगा है। रसोई गैस की कीमतों में सीधे १९ रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। कंपनियों ने गैर सब्सिडीवाले गैस सिलिंडर के दाम में १९ रुपए का इजाफा किया है। दिल्ली में इस तरह का घरेलू एलपीजी सिलिंडर अब ७१४ रुपए का हो गया है। बढ़े हुए दाम बुधवार यानी कल नए साल की सुबह से ही लागू हो गए हैं। लगातार पांचवें महीने रसोई गैस सिलिंडर के बाजार भाव में बढ़ोतरी हुई है। इससे मुंबई में अब घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत ६८४ रुपए का हो गया है। मुंबई में यह पहले ६६५.०० रुपए था।
नए साल के पहले दिन ही महंगाई के ट्रिपल अटैक से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। पिछला साल भी आम लोगों की जेब पर बोझ डालनेवाला बीता। इस दौरान पेट्रोल, डीजल से लेकर रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम में इजाफा हुआ। पहले तो प्याज ने ही लोगों को रुलाया, अब तो घरेलू गैस भी आम लोगों का बजट बिगाड़ने पर आमादा है। जी हां, अब रसोई गैस के लिए आपको अधिक कीमत चुकानी होगी, वहीं हवाई र्इंधन के दाम बढ़ने से हवाई सफर के भी महंगे होनेवाले हैं। गैस कंपनियों ने गैर-सब्सिडीवाले घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में १९ रुपए का इजाफा किया है। अब घरेलू सिलिंडर ७४९ रुपए का हो गया है। इसी तरह रेलवे ने प्रति किमी. के हिसाब से जनरल, स्लीपर और एसी किराए में एक, दो और चार पैसे बढ़ा दिए हैं। ये नई दरें आज से प्रभावी हो गई हैं।
बता दें कि गैस कंपनियां हर महीने रेट रिवीजन करती हैं। जनवरी के लिए रेट रिवीजन के बाद पेट्रोलियम कंपनियों ने गैर-सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलिंडर (१४.२ किलो) के दाम में १९ रुपए का इजाफा किया है। इसी तरह कमर्शियल सिलिंडर (१९ किलो) के दाम में २९.५० रुपए का इजाफा हुआ है। मुंबई के अलावा कोलकाता में अब गैर-सब्सिडीवाला घरेलू गैस सिलिंडर ७४७ रुपए और चेन्नई में ७३४ रुपए का हो गया है। कमर्शियल सिलिंडर की कीमत मुंबई में १,१९० रुपए, कोलकाता में १,३०८ रुपए और चेन्नई में १,३६३ रुपए हो गई है।
