खगड़िया में मां और मासूम बेटी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर शव गडढ़े में फेंका

खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के जीरो माइल के निकट गुरुवार की सुबह बालू के गड्ढ़े से महिला और एक मासूम बच्ची का शव बरामद किया गया। शव मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। शव देखने से मां और बेटी का प्रतीत होता है। मृतक महिला की उम्र 30 वर्ष और उसकी बेटी की उम्र तीन वर्ष बतायी जा रही है। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जाता है कि सुबह जब लोग गुजर रहे थे अचानक बालू के गड्ढे में मां और बेटी के शव पर नजर पड़ी। शव देखा तो पता चला कि दोनों का गला रेता हुआ है। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस पहुंचकर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।  थानाध्यक्ष राजीव लाल ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी है। इधर घटना को लेकर लोग तरह- तरह के कयास लगा रहे हैं।