देश के सपने को पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह ने किया साकार : सीएम

मुंबई : देश की आजादी के बाद पिछले 70 वर्षों से जिस सपने को राज्य और देश की जनता देख रही थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने साकार किया है। रविवार को  गोरेगांव स्थित नेस्को ग्राउंड में अनुच्छेद 370 और 35ए रद्द होने के उपलक्ष्य में मुंबई भाजपा की तरफ से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसे संबोधित करते हुए  राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने यह बात कही। सीएम फड़नवीस ने कहा कि पिछले 70 वर्षों से भारत की जनता की मंशा थी कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 रद्द होना  चाहिए। जब 2019 में केंद्र में दोबारा नरेंद्र मोदी की सरकार बनी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गृहमंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद 370 और 35ए रद्द करके जम्मू-कश्मीर को  देश का अभिन्न अंग बना दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अनुच्छेद 370 का विरोध करते हुए जम्मू-कश्मीर में तिरंगा झंडा फहराने की  कोशिश की थी, जिसके कारण उन्हें बलिदान देना पड़ा था। उसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद रहते हुए मुरली मनोहर जोशी ने कश्मीर में जाकर तिरंगा फहराया था।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री फड़नवीस ने कहा कि बीते 15 अगस्त के दिन मैं बहुत प्रसन्न था। इसका कारण दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में एक साथ तिरंगा  झंडा फहराया गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने अनुच्छेद 370 और 35ए रद्द करके जो काम किया, उसे मुंबई ही नहीं पूरे देश की जनता कभी नहीं भूल सकती।  मुख्यमंत्री फड़नवीस ने कहा कि शनिवार को विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा हो चुकी है। इस चुनाव में भाजपा को न भूतो, न भविष्यति जैसी जीत मिलेगी। जिसके लिए  भाजपा अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में चुनाव प्रचार का शुभारंभ होने जा रही है। इस दौरान सीएम फड़नवीस ने कहा कि 2014 के विधानसभा चुनाव के वक्त भी  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह थे, जिनके नेतृत्व में भाजपा ने चुनाव लड़ा था और भारी जीत हासिल की थी।