10 से 13 अक्टूबर के बीच विधानसभा चुनाव होने की संभावना
मुंबई : चिकित्सा शिक्षा और जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन ने राज्य में 10 से 13 अक्टूबर के बीच विधानसभा चुनाव होने की संभावना व्यक्त की है। वे नाशिक में आयोजित जिला नियोजन समिति की बैठक में बोल रहे थे। महाजन ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए 10 से 15 सितंबर के बीच आचार संहिता लग सकती है। इसके पहले पिंपरी में आयोजित एक कार्यक्रम में राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने भी सितंबर में आचार संहिता लगने और अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना प्रकट की थी। गिरीश महाजन ने कहा कि वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव की तारीख को देखकर उन्होंने इस बार के विधानसभा चुनाव की तारीखों का अनुमान लगाया है। इस बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए गिरीश महाजन ने आघाड़ी नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बारे में बातचीत की। महाजन ने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय विपक्ष के कई बड़े नेता भाजपा में शामिल हुए थे अब यदि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस के कुछ नेता पार्टी छोड़ेंगे तो उनके साथ खड़े रहने के लिए कोई तैयार नहीं होगा। महाजन ने कहा कि दोनों दलों के पहली पंक्ति के नेता हमारे साथ आने के इच्छुक हैं। आषाढ़ी एकादशी पर जिस तरह वारकरियों की आंखें विठ्ठल की तरफ लगी रहती हैं, उसी प्रकार सभी कांग्रेस और राष्ट्रवादी के नेताओं का ध्यान भाजपा की तरफ है। इसकी वजह यह है कि उनके पास भाजपा के अलावा कोई विकल्प नहीं है। महाजन ने इस दौरान कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बालासाहेब थोरात को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस को चुनौती दी कि वे 50 विधायकों का आंकड़ा पार करके दिखाए। बता दें कि रविवार को थोरात को कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ पांच कार्याध्यक्ष भी बनाए गए हैं।
