बिल्डर ने 15वीं मंजिल से छलांग लगाकर की खुदकुशी
मुंबई : माटुंगा में बिल्डर मुकेश सावला (56) ने 15वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। सावला मांटुगा के लक्ष्मी निकेतन बिल्डिंग में रहते थे और एमसीएचआई (ठाणे) के अध्यक्ष और भवन निर्माण कंपनी मानस ग्रुप के निदेशक थे। माटुंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है। साथी बिल्डरों का कहना है कि एक अन्य बिल्डर की आत्महत्या पर सावला ने कहा था कि यह कोई हल नहीं होता है। अब उनके यह कदम उठाने से सभी हैरान हैं। विभिन्न बिल्डर संगठनों का इस बारे में कहना है कि सावला ने आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण मौत को गले लगाया होगा। गौरतलब है कि एक अन्य बिल्डर सूरज परमार ने भी आर्थिक तंगी की वजह से खुदकुशी कर ली थी। तब सावला ने बयान दिया था कि भले ही कंस्ट्रक्शन के क्षेत्र में भयंकर मंदी व्याप्त है और बिल्डर आर्थिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन इस स्थिति का धैर्यपूर्वक मुकाबला करना चाहिए। खुदकुशी इसका हल नहीं है।
अब खुद उनके ऐसा कदम उठाने से बिल्डर लॉबी हैरान है। अधिकारियों ने बताया है कि सावला अपने परिवार के साथ रहते थे। वह 15वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट के गैलरी में गए और कूद गए। सावला को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को अब तक कोई सूइसाइड नोट नहीं मिला है।
