सेना में ४५ हजार से अधिक पद रिक्त
सरकार ने सोमवार को बताया कि सेना में ४५ हजार से अधिक पद रिक्त हैं ।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्यसभा को बताया कि एक जनवरी २०१९ की स्थिति के अनुसार सेना में कुल ४५,६३४ पद रिक्त हैं। इनमें सेकंड लेफ्टिनेंट से ऊपर के रैंक के ७,३९९ पद शामिल हैं।
सिंह ने बताया कि इन रिक्तियों का कारण समय समय पर पदों में वृद्धि, कठिन चयन प्रक्रिया, सर्विस करियर में शामिल उच्च जोखिम स्थितियों के साथ साथ कठिन सेवा परिस्थितियां और प्रशिक्षण की गुणवत्ता से समझौता किए बिना, सीमित प्रशिक्षण आदि हैं।
उन्होंने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि सेना में भर्ती एक निरंतर प्रक्रिया है तथा प्रशिक्षण पूरा करने वाले रंगरूटों के माध्यम से इन रिक्तियों को भरा जाता है।
सिंह ने बताया कि पिछले तीन साल के दौरान सेना में भर्ती की अधिसूचनाओं सहित प्रचार आदि पर ७९४.५३ लाख रूपये खर्च किए गए। इसमें से साल २०१६-१७ में ३७८.८७ लाख रूपये, २०१७-१८ में १९९.४७ लाख रूपये और २०१८-१९ में २१६.१९ लाख रुपये खर्च किए गए।
