जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर, DSP अमन ठाकुर शहीद, तीन जवान घायल

जम्मू और कश्मीर (Jammu And Kashmir) के कुलगाम (Kulgam) जिले में रविवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच एक मुठभेड़ (Encounter) में एक आतंकवादी मारा गया. इस मुठभेड़ के दौरान डीएसपी अमन ठाकुर (DSP Aman Thakur) शहीद हो गए. इसके अलावा तीन जवान घायल बताए जा रहे हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने कुलगाम जिले के तुरिगाम इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया.

उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की. सेना के जवाबी कार्रवाई करने के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई. अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया. उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकवादी और उसके समूह की पहचान की जा रही है.

इससे पहले बारामूला जिले के सोपोर में शुक्रवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे. वहीं, 10 फरवरी को कुलगाम जिले सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा के पांच आतंकवादी मारे गए थे.