जमात-ए-इस्लामी सरगना समेत 12 हिरासत में, यासीन मलिक को पुलिस ने श्रीनगर में किया था गिरफ्तार
श्रीनगर: कश्मीर घाटी (Kashmir Valley) में पुलिस अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए जमात-ए-इस्लामी कैडर के दर्जनों लोगों को हिरासत में ले लिया है, जिसमें इसका सरगना भी शामिल है. पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी. दक्षिण, मध्य और उत्तरी कश्मीर जिलों में राजनीतिक समूह के प्रमुख सदस्यों हिरासत में लेने के लिए छापे मारे गए.
जमात के एक प्रवक्ता ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों में प्रमुख (अमीर-ए-जमात) अब्दुल हमीद फयाज भी शामिल हैं. अधिकारियों ने इस बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है कि 5,000 से अधिक कैडर वाले सबसे पुराने धार्मिक-राजनीतिक संगठन पर छापेमारी की आवश्यकता क्यों पड़ी.जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के चेयरमैन यासीन मलिक को भी पुलिस ने शुक्रवार को श्रीनगर में हिरासत में लिया था.
