मां के शव को 44 दिनों तक कंबल के अंदर रखा, हर रात में सोती थी साथ
वर्जीनिया की एक महिला को अपनी मां के शव को अपने घर पर एक महीने से भी ज्यादा समय तक छुपा कर रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने अपनी मां के शव को 44 दिनों तक अपने ही घर में कंबल के अंदर छुपा कर रखा था। वर्जीनिया की 55 वर्षीय जो व्हाइटनी आउटलैंड ने अपनी 78 वर्षीय बुजुर्ग मां रोजमैरी आउटलैंड के शव को 54 कंबल के अंदर छुपा कर रखा था। पुलिस ने उसके घर से एक लेटर बरामद किया है जिससे पता चलता है कि उसकी मां की मौत 29 दिसंबर को हो गई थी जिसके बाद उसने शव को कई कंबलों के अंदर छुपा कर रखा था। आउटलैंड ने जिस कमरे में अपनी मां के शव को छुपा कर रखा था उसके कमरे का दरवाजा उसने लॉक कर दिया था ताकि उसके अंदर कोई भी उसका रिश्तेदार या कोई भी दोस्त जा ना सके। उसने 66 एयरफ्रेशनर की मदद से मां के शव को सड़ने (डीकम्पोज) से सुरक्षित बचा रखा था। इतना ही नहीं वह हर रात शव के साथ सोती थी। पुलिस के मुताबिक आउटलैंड के पास कोई वकील नहीं है, उसके मोबाइल फोन पर जिनके नंबर थे उन्हें फोन करने पर किसी ने भी उसका फोन नहीं उठाया। एक डॉक्टर ने बताया कि हमने अब तक कई दिमागी बीमारी से ग्रस्त मरीजों का इलाज किया है लेकिन ये अपनी तरह का एक अलग ही मामला है। पुलिस ने बताया कि इस मामले का खुलासा तब हुआ जब आउटलैंड की एक पड़ोसन ने अपने घर की छत की खिड़की से उसके घर के कमरे में देखा तो उसे कुछ संदिग्ध लगा। स्थानीय मीडिया के मुताबिक शव इतना पुराना हो गया था कि वह अब सड़ना शुरू हो या था। रिपोर्ट के मुताबिक आउटलैंड अपनी मां की मौत के बाद से ही घर से बाहर नहीं निकली और मां के शव के साथ ही घर पर ही दिन-रात रहती थी। आउटलैंड ने बताया कि अपनी मां की मौत के बाद उसने इस लिए किसी को घर पर नहीं बुलाया था क्योंकि उसे डर था कि पुलिस उसे मर्डर के आऱोप में गिरफ्तार ना कर ले। पुलिस ने बताया कि कल्पना करना मुश्किल है कि कोई एक शव के साथ 44 दिनों तक कैसे रह सकता है। उस पर भी आश्चर्य करने वाली बात ये है कि उसने किसी को इस बारे में बताया नहीं।
