बोलर्स का धमाल, न्यू जीलैंड की पूरी टीम 157 पर ऑलआउट

नेपियर, 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने टीम इंडिया उतर चुकी है। भारत के लिए रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी पारी की शुरुआत कर रही है। मेजबान टीम के लिए टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट बोलिंग पर मोर्चा संभाल रहे हैं।न्यू जीलैंड में टीम इंडिया ने अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। 5 मैचों की वनडे सीरीज में भारत ने मेजबान टीम को 157 रन पर ऑल आउट कर दिया। कीवी टीम ने यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसे शुरुआत से ही मुश्किल में धकेल दिया। कीवी टीम की इस पारी में कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 4, मोहम्मद शमी ने 3, चहल ने 2 और केदार जाधव ने 1 विकेट अपने नाम किया। कीवी टीम के लिए कप्तान केन विलियमसन ने सर्वाधिक 64 रन बनाए। 

एक वक्त न्यू जीलैंड टीम के 6 विकेट आउट हो चुके थे और कुलदीप यादव को एक भी विकेट नहीं मिला था। कुलदीप ने अपने 8वें ओवर कप्तान केन विलियमसन को आउट किया इसके बाद उन्होने कीवी टीम के पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट करने में देर नहीं लगाई। उन्होंने अपनी अंतिम 17 बॉल में ये 4 सफलताएं हासिल कीं। कुलदीप से पहले मोहम्मद शमी ने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। टॉस जीतकर भले कीवी टीम यहां बड़ा स्कोर खड़ा करने का इरादा लेकर उतरी थी। लेकिन शमी ने अपने पहले 2 ओवर में ही गप्टिल (5) और कोलिन मनरो (8) को बोल्ड कर उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। कप्तान विलियमसन (64) ने रोस टेलर (24) के साथ पारी को संभालने की कोशिश जरूर की लेकिन चहल ने जल्दी ही टेलर को चलता कर दिया। इसके बाद उन्होंने टॉम लैथम का विकेट लेकर मेजबान टीम की मुश्किलें और बढ़ा दीं। 


आज के मैच में दोनों टीमों का प्लेइंग XI 

भारत: रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), एमएस धोनी (WK), केदार जाधव, अंबाती रायुडू, विजय शंकर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी 

न्यू जीलैंड: मार्टिन गप्टिल, कोलिन मनरो, केन विलियमसन (कप्तान), रोस टेलर, टॉम लैथम (WK), हेनरी निकोल्स, मिशेल सेंटनर, डग ब्रासवेल, टिम साउदी, लोकी फर्ग्युसन, ट्रेंट बोल्ट